‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में 202 लाभार्थियों को मिली महालक्ष्मी, तेजस्विनी, रोजगार और पोषण किट, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं व आशा बहनों का हुआ सम्मान
हरिद्वार, 26 सितम्बर 2026। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल सरकारी योजनाओं के संचालन का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत बुनियाद रखने वाले महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनपद हरिद्वार के चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने फेरुपुर न्याय पंचायत के चांदपुर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आंगनबाड़ी केंद्रों की माताओं, बहनों, किशोरियों और बच्चों से संवाद किया। उन्होंने लाभार्थियों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
202 लाभार्थियों को वितरित की गईं विभिन्न किट
कार्यक्रम के दौरान 202 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट, तेजस्विनी किट, रोजगार किट और पोषण किट वितरित की गईं। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है और इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान
मंत्री रेखा आर्या ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा बहनों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी बहनें सरकार और लाभार्थी परिवारों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके समर्पण और मेहनत से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच रहा है।
सात महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का कराया अन्नप्राशन
कार्यक्रम के दौरान सात गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। साथ ही नन्हे-मुन्ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। इस अवसर पर मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ
मंत्री रेखा आर्या ने चांदपुर आंगनबाड़ी केंद्र तृतीय का शुभारंभ भी किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और उनसे बातचीत करते हुए उनकी सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे काफी उत्साहित दिखाई दिए।
सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और आशा बहनों की सक्रिय भागीदारी से ही इन योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र परिवारों तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, ब्लॉक प्रमुख आशा नेगी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी अविनाश भदोरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी गीता शर्मा, सुलेखा सहगल, वर्षा शर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, मंडल अध्यक्ष राकेश सैनी सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
