कनखल पुलिस ने किया शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार

Listen to this article

छीनी गई सोने की चेन, तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

अकेली महिलाओं को बनाता था निशाना, पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल

हरिद्वार, कनखल 26 सितम्बर। कनखल कोतवाली पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास हुई चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर चेन स्नेचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिला से छीनी गई सोने की चेन, एक तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था।

महिला और मासूम बेटी को बनाया था शिकार

पुलिस के अनुसार 20 सितम्बर को गणपति धाम फेस-3, जमालपुर निवासी एक महिला अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से हरिद्वार से घर लौट रही थी। जगजीतपुर आईटीआई के पास बाइक सवार युवक ने महिला को स्कूटी रोकने का इशारा किया। महिला के नहीं रुकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मार दी, जिससे महिला और उसकी बेटी सड़क पर गिर गए। इसके बाद आरोपी महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। हादसे में मासूम बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई थी।

सीसीटीवी और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कनखल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। शुक्रवार को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन बाइक गिरने से वह मौके पर ही दबोच लिया गया।

कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार पुत्र बीरबल निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पूछताछ में उसने वर्ष 2022 में कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर, कनखल और रानीपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में भी कनखल पुलिस उसे पांच सोने की चेन के साथ गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में एसआई देवेन्द्र पाल, कांस्टेबल दिगपाल और कांस्टेबल बीरेन्द्र की विशेष भूमिका रही। पुलिस आरोपी से अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *