राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने किया प्रतियोगिताओं का शुभारंभ, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
हरिद्वार, 29 सितंबर 2026। खेल महाकुंभ 2026-27 के अंतर्गत संसदीय क्षेत्र स्तर पर राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन मंगलवार को योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिताओं का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने किया।
झंडारोहण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
उद्घाटन अवसर पर डॉ. कल्पना सैनी ने झंडारोहण के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर एवं गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस दौरान राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ का गायन हुआ। प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई। सांसद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, लगन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी सौरभ सैनी, प्रभारी सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी रविन्द्र भण्डारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी जितेन्द्र पुण्डीर, खेल प्रशिक्षक सौरभ पटवाल, खेल विभाग के मुकेश शर्मा, खेल समन्वयक गजेन्द्र एवं अंजेश कुमार सहित शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक, निर्णायक और अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
राज्यसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत अंडर-14 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में अक्ष खठाना (खानपुर) प्रथम, अर्श (मंगलौर) द्वितीय और अभी (भगवानपुर) तृतीय रहे। 600 मीटर दौड़ में तन्मय रावत (लक्सर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद में जतिन कुमार (खानपुर), जबकि ऊंची कूद में राममोहन (भगवानपुर) प्रथम रहे।
अंडर-14 बालिका वर्ग की 60 मीटर दौड़ में रिया (खानपुर), 600 मीटर दौड़ में तनू (मंगलौर), लंबी कूद में तनु (मंगलौर) तथा ऊंची कूद में आरूषी (खानपुर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल और वॉलीबॉल में भी दिखा उत्साह
लोकसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंडर-19 बालक वर्ग फुटबॉल में बी.एफ.एफ.सी. ने प्रथम, बी.एम.एस. ने द्वितीय और वात्सल्य वाटिका ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-19 बालक वर्ग वॉलीबॉल में डोईवाला प्रथम, ऋषिकेश द्वितीय और धर्मपुर तृतीय स्थान पर रहे।
विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने खेल कौशल और अनुशासन का प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
