प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हैदराबाद में होने वाली प्रतियोगिता में मिलेगा मौका
हरिद्वार, 21 अक्टूबर। लक्सर स्थित जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आगामी 25 अक्टूबर को जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिला एथलेटिक एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भाजपा नेता एवं समाजसेवी ओमप्रकाश जमदग्नि करेंगे।
जमदग्नि पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मीनू शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता विद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें 12 वर्ष से अधिक और 14 वर्ष से कम तथा 14 वर्ष से अधिक और 16 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाएं प्रतिभाग कर सकेंगे। प्रतियोगिता में हरिद्वार जनपद के सभी पात्र खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।
आधार कार्ड और आयु प्रमाण पत्र लाना अनिवार्य
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों को अपना आधार कार्ड और आयु प्रमाण पत्र साथ लाना होगा। इसके साथ ही 50 रुपये पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रतियोगिता में क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों को हैदराबाद में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहीं, हाल ही में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, देहरादून में संपन्न उत्तराखंड स्टेट जूनियर एथलेटिक प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को वरीयता प्रदान की जाएगी।
विजेताओं को मेडल और मेरिट प्रमाण पत्र
प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं मेरिट प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी बालक-बालिकाओं को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों का उद्देश्य जनपद के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देना और उन्हें एथलेटिक्स के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
