पंचकूला में 221 फुट ऊंचे रावण का दहन, ट्राईसिटी में उमड़ा जनसैलाब

Listen to this article

शालीमार ग्राउंड में भव्य दशहरा महोत्सव, 50 हजार से अधिक लोगों ने देखा रावण दहन

आतिशबाजी और हरियाणवी गायक तेजपाल की प्रस्तुति ने बांधा समां

पंचकूला। शालीमार ग्राउंड में मंगलवार को दशहरा महोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी और श्री आदर्श रामलीला ड्रामाट्रिक क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 221 फुट ऊंचा रावण का पुतला मुख्य आकर्षण रहा। ट्राईसिटी के सबसे ऊंचे रावण को देखने के लिए पंचकूला सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव में 50 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।

विभीषण ने किया रावण दहन, आतिशबाजी ने मोहा मन

कार्यक्रम में वरिष्ठ संघ प्रचारक प्रेम जी गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रावण के पुतले को विभीषण ने अग्नि दी। पुतले के दहन के दौरान पूरा मैदान जयकारों से गूंज उठा। शानदार आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया। लोग इस भव्य दृश्य को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।

महोत्सव में हरियाणवी गायक तेजपाल ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया। संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उत्सव के माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।

कई गणमान्य हस्तियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी, पंचकूला के मेयर श्यामलाल बंसल, श्री रतन लाल कटारिया ट्रस्ट की संयोजक बंतो कटारिया, एसपीएस कंस्ट्रक्शन इंडिया के एमडी एसपी सिंगला, सनलिट ग्रुप के चेयरमैन रमेश गुप्ता और यूनाइटेड बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड के डॉ. मनन गक्खड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आयोजन में उमड़ी भारी भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिस और निजी सुरक्षा कर्मचारियों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी।

70 लाख रुपये की लागत से हुआ आयोजन

श्री माता मनसा देवी दशहरा कमेटी के चेयरमैन विष्णु गोयल, प्रधान नवराज मित्तल जॉनी, महासचिव संदीप गुप्ता और वरिष्ठ उपप्रधान अमित गोयल ने अतिथियों का स्वागत किया। विष्णु गोयल और नवराज मित्तल ने बताया कि महोत्सव पर लगभग 70 लाख रुपये खर्च किए गए। आयोजन को भव्य बनाने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी विशेष महत्व दिया गया।

महासचिव संदीप गुप्ता ने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। रावण दहन बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने के लिए उपायुक्त सतपाल शर्मा, डीसीपी अदिति सिंह और सभी सहयोगियों का आभार जताया।

इस अवसर पर सतपाल गर्ग, प्रदीप कांसल, दीपक गोयल, दिव्या गोयल, तिलक बंसल, संदीप सिंगला, विनोद गर्ग, ज्ञान सिंह, राज मित्तल, भूषण गर्ग, अजय अग्रवाल, राकेश गुप्ता, कुलदीप गुप्ता, मुकेश संगला, पंकज और विजेंद्र गर्ग सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *