ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई, 16 पेटी देशी शराब के 810 टेट्रा पैक बरामद
हरिद्वार, 26 सितम्बर। हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत थाना पथरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शराब माफिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 पेटी देशी शराब (810 टेट्रा पैक) बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर धनपुरा गांव में दबिश
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष पथरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दीन मोहम्मद उर्फ चन्दू पुत्र यासीन को गिरफ्तार कर लिया।
भारी मात्रा में देशी शराब बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 16 पेटी देशी शराब, जिनमें कुल 810 टेट्रा पैक थे, बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
अवैध शराब तस्करों पर जारी रहेगा अभियान
हरिद्वार पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एसआई महेन्द्र पुंडीर, कांस्टेबल नारायण सिंह, कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल महेश बाबू शामिल रहे।
