प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर हरकी पैड़ी में गंगा पूजन, मुख्यमंत्री धामी ने की सुख-समृद्धि की कामना

Listen to this article

कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्यमंत्री ने की गंगा आरती, हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक से पहले हुआ पूजन

हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की निरंतर सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु जीवन तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की।

विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए की प्रार्थना

मुख्यमंत्री धामी ने इस विशेष अवसर पर मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं।

हरिद्वार में आयोजित हो रही कैबिनेट बैठक

गंगा पूजन एवं आरती के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के साथ मुख्य सचिव और शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हो रहे हैं। बैठक में प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा और निर्णय लिए जाने की संभावना है।

जिलों में कैबिनेट बैठकें आयोजित कर रही धामी सरकार

राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित कर शासन को स्थानीय स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने की पहल कर रही है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय आवश्यकताओं, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन की प्राथमिकताओं में शामिल करना है।

इससे पहले 4 अक्टूबर को चम्पावत जिले के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। हरिद्वार में बैठक का आयोजन इसी पहल को आगे बढ़ाने की दिशा में एक कदम है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं को गति मिले और जनहित से जुड़े विषयों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *