जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
ह्यूम पाइप डालने, नाले की सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने एवं कीटनाशक छिड़काव के निर्देश
हरिद्वार, 18 सितम्बर, 2026 : जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सुमन नगर, बहादराबाद में जलभराव की शिकायत प्राप्त होने पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया।
निरीक्षण के दौरान जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता, राजस्व विभाग के पटवारी एवं लेखपाल, सुमन नगर चौकी प्रभारी तथा विकास विभाग के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) सहित अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का जायजा लिया। टीम ने जलभराव के कारणों का निरीक्षण करते हुए जल निकासी की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने पर चर्चा की।
ह्यूम पाइप एवं नाला सफाई के निर्देश
संयुक्त निरीक्षण के उपरांत सिंचाई विभाग को निर्देशित किया गया कि जल निकासी सुनिश्चित करने के लिए दो स्थानों पर 10-10 फीट के ह्यूम पाइप डाले जाएं। इसके साथ ही जेसीबी मशीन के माध्यम से नाले की सफाई एवं आवश्यक खुदाई कर जल निकासी को सुचारु बनाया जाए।
जलभराव से प्रभावित क्षेत्र में पानी की निकासी शीघ्र सुनिश्चित करने के लिए जल संस्थान द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आपसी समन्वय से कार्य करते हुए जल निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आने दें।
कीटनाशक छिड़काव एवं सुरक्षा उपाय
सहायक विकास अधिकारी, बहादराबाद द्वारा प्रभावित क्षेत्र में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया गया, ताकि जलभराव के कारण उत्पन्न होने वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम किया जा सके।
राजस्व विभाग के लेखपाल को गली नंबर-3 के समीप स्थित एयरटेल टावर से संबंधित फर्म के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। टावर के आसपास जल निकासी तथा मिट्टी एवं आरबीएम भरान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्थायी समाधान पर जोर
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जलभराव से क्षतिग्रस्त सड़क पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करते हुए सुमन नगर में जलभराव की समस्या का शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
