नरेंद्र मोदी के रूप में देश को मिला महापुरुष प्रधानमंत्री: श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने मां मनसा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर मां मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को 76 किलो लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संत-महंतों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि नरेंद्र मोदी के रूप में देश को एक महापुरुष प्रधानमंत्री मिला है। उनके नेतृत्व में विश्व स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा है तथा देश आर्थिक और सामरिक रूप से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रयासों से सनातन संस्कृति को विश्व में नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ और हिंदू समाज की पांच सौ वर्ष पुरानी प्रतीक्षा समाप्त हुई। उन्होंने मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर भी अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि समस्त सनातन समाज की आकांक्षा है कि जन्मभूमि पर भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बने।
इस अवसर पर मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी अनिल शर्मा, महंत राजगिरि, मंदिर प्रबंधक महेश दुबे, स्वामी दिव्य आत्मानंद महाराज, विश्वास आनंद महाराज, अमित वालिया सहित बड़ी संख्या में संत-महंत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
