हरिद्वार (संतोष कुमार)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद के सभागार में माह सितम्बर की अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिलेभर के सभी सर्किल ऑफिसर, थाना प्रभारी, एफएसओ और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
एसएसपी डोबाल ने अपराध नियंत्रण, अभियानों की प्रगति और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फेस्टिव सीजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसलिए हर थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में चैकसी बढ़ाए और सतर्कता बनाए रखे।
उन्होंने मुख्यालय स्तर से संचालित कालनेमि अभियान, अज्ञात महिला शव शिनाख्त, तंबाकू मुक्त युवा कैम्पेन और ऑपरेशन लगाम जैसे अभियानों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि इन अभियानों का उद्देश्य समाज में जागरूकता लाना और अपराध पर अंकुश लगाना है।
एसएसपी डोबाल ने कहा कि धनतेरस और दीपावली जैसे पर्वों में सुरक्षा, ट्रैफिक और फायर सेफ्टी पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फायर स्टेशन अलर्ट मोड पर रहें, अवैध पटाखा फैक्ट्रियों या गोदामों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जांच अनिवार्य रूप से हो।
उन्होंने औषधि विभाग से तालमेल कर मादक द्रव्यों की बिक्री पर रोक लगाने और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। साथ ही बाजारों में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने, पुलिस और पीएसी बल की गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर सतर्क निगाह रखने को कहा।
एसएसपी डोबाल ने अधीनस्थों से कहा हर थाना प्रभारी अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाए। अपराधियों पर सख्त कार्रवाई ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अपराध रोकथाम और जनता की सुरक्षा में कोई ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान एसएसपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने और फील्ड यूनिट की अनिवार्य सहायता लेने पर भी बल दिया।
