पुलिस दर्पण ब्यूरो, हरिद्वार
हरिद्वार, 16 सितंबर 2026। जनपद के सरकारी अस्पतालों में मरीजों और उनके तीमारदारों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट रोशनाबाद स्थित कार्यालय कक्ष में जिला चिकित्सालय, चैन राय जिला महिला चिकित्सालय और मेला (उप जिला) चिकित्सालय की चिकित्सा प्रबंधन समितियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में अस्पतालों की व्यवस्थाओं, बजट प्रस्तावों और आवश्यक विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों और उनके साथ आने वाले तीमारदारों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, दवाइयों, रसायनों और सर्जिकल सामग्री की खरीद नियमानुसार और उचित दरों पर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में किसी भी आवश्यक सामग्री की कमी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
मेला अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अस्पताल भवन में रंग-रोगन, रेलिंग की मरम्मत, जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरणों की मरम्मत, सैनिटाइजेशन तथा सफाई के लिए आवश्यक उपकरणों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाए ताकि मरीजों को बेहतर वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला अस्पताल के आसपास और अस्पताल जाने वाली सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अस्पताल परिसर और आसपास कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए तथा नियमित सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ रखा जाए।
बैठक में जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक एवं चिकित्सा प्रबंधन समिति के सचिव डॉ. राजेश गुप्ता तथा मेला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. शशिकांत ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव और विभिन्न विकास कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने अस्पतालों में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए आवश्यक बजट की मांग रखी।
बैठक में लोकसभा सांसद प्रतिनिधि बृजेश कुमार गुप्ता, राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि राकेश शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेश जोशी, मेयर प्रतिनिधि सचिन प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, डॉ. नरेश चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
