हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट और डेयरियों पर छापेमारी

Listen to this article

गंभीर अनियमितताओं पर खाद्य उत्पादों के निर्माण व बिक्री पर रोक; 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए

हरिद्वार, 19 सितंबर 2026। खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल-रेस्टोरेंट, डेयरी, नमकीन निर्माण इकाइयों और किराना प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग ने कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे तथा खराब एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों को मौके पर नष्ट कराया।

भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई), नई दिल्ली के रिस्क बेस्ड इंस्पेक्शन अभियान के तहत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण में पाया गया कि संबंधित प्रतिष्ठान के पास केवल होटल गतिविधियों के लिए फूड लाइसेंस था, जबकि उसी लाइसेंस पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। लाइसेंस में चाय उत्पाद, मीट एवं मीट उत्पाद, भारतीय मिठाई, बेकरी उत्पाद तथा सीरियल उत्पादों की श्रेणियां दर्ज नहीं थीं, जबकि इनका निर्माण, भंडारण और विक्रय किया जा रहा था।

जांच के दौरान होटल प्रबंधन टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड तथा आंतरिक एवं बाहरी ऑडिट से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। किचन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए अलग सेक्शन नहीं पाए गए तथा एक ही बर्तन में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। इन अनियमितताओं के आधार पर मीट एवं मीट उत्पाद, भारतीय मिठाई और बेकरी उत्पादों के निर्माण एवं बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई।

होटल से पनीर, हनी और कुल्चा के चार नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण में नॉन-वेज डीप फ्रीजर में वेज खाद्य सामग्री रखी मिली। सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर का उपयोग भी पाया गया। लगभग पांच किलोग्राम खराब खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी कर 15 दिन में अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

लक्सर में डेयरियों, नमकीन इकाइयों और किराना दुकानों से खुला पनीर, खुला नमकीन एवं पैक्ड फ्रूटी ड्रिंक के नमूने लिए गए। स्वच्छता मानकों का पालन न करने, फूड लाइसेंस का नवीनीकरण न कराने और अभिलेख प्रस्तुत न करने पर एक नमकीन इकाई तथा दो किराना दुकानों को नोटिस दिए गए।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र भट्ट ने हरिद्वार शहर में धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, खुले दूध, देसी घी और पनीर के नमूने भी एकत्र किए। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को लाइसेंस, आवश्यक अभिलेख और स्वच्छता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *