लकसर पुलिस की कार्रवाई: 20 लीटर कच्ची शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

Listen to this article

संवाददाता : पुलिस दर्पण, हरिद्वार

हरिद्वार, 24 सितम्बर। अवैध कच्ची शराब की बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत लकसर कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन तस्करों को दबोचा।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरुमीत पुत्र लाल सिंह निवासी हरचंदपुर, रोहित पुत्र करण सिंह निवासी पीतपुर और असलम पुत्र अली मोहम्मद निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 20 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। क्षेत्र में नियमित चेकिंग और छापेमारी के माध्यम से ऐसे कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

लकसर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *