पुलिस दर्पण संवाददाता, हरिद्वार
हरिद्वार, 25 सितम्बर। कांग्रेस प्रदेश महासचिव तेलूराम प्रधान ने कार्यकर्ताओं के साथ उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं हरियाणा के सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा से उनके दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कुमारी शैलजा के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
भेंट के दौरान तेलूराम प्रधान और कुमारी शैलजा के बीच उत्तराखंड की राजनीतिक स्थिति तथा संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा हुई। तेलूराम प्रधान ने कहा कि कुमारी शैलजा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभालने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
तेलूराम प्रधान ने कुमारी शैलजा के राजनीतिक अनुभव और संगठनात्मक कौशल की सराहना करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है।
कांग्रेस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी और जनता के बीच अपनी नीतियों को लेकर पहुंचेगी।
इस अवसर पर अजय दास महाराज, अरुण धीमान, संदीप सांसी, विकास सिंह, डॉ. नेपाल, संदीप चौहान सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
