सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विजेता खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
हरिद्वार, 26 सितम्बर। खेल महाकुंभ 2026-27 के अंतर्गत आयोजित संसदीय क्षेत्र स्तरीय सांसद (लोकसभा) चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताओं के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।
खेलों से व्यक्तित्व विकास और अनुशासन
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत और लगन के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने तथा खेलों के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
एथलेटिक्स और बैडमिंटन में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
दूसरे दिन बैडमिंटन युगल, ऊंचीकूद, 3000 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ सहित कई स्पर्धाएं आयोजित की गईं। अंडर-19 बालक बैडमिंटन युगल में करण ने प्रथम, रावत ने द्वितीय और साहिल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। ऊंचीकूद में पवन यादव प्रथम, प्रख्यात सिंह द्वितीय और नितिन चौरसिया तृतीय रहे।
अंडर-19 बालिका 3000 मीटर दौड़ में शिवांगी प्रथम, काजल सैनी द्वितीय और अंशिका भंडारी तृतीय रहीं। 100 मीटर बालक वर्ग में नेगी प्रथम, आदित्य नेगी द्वितीय और संजीव तिवारी तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में मोहित प्रथम और विषपाल द्वितीय स्थान पर रहे।
हॉकी में हरिद्वार सहित विभिन्न जिलों का प्रदर्शन
राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में हरिद्वार की टीम ने प्रथम, पिथौरागढ़ ने द्वितीय और ऊधमसिंह नगर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग में रुद्रप्रयाग प्रथम, हरिद्वार द्वितीय और देहरादून तृतीय स्थान पर रहा।
अधिकारियों ने विजेताओं को दी शुभकामनाएं
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी, हरिद्वार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना की। इस अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भंडारी, मुकेश कुमार भट्ट सहित युवा कल्याण एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक, समन्वयक तथा निर्णायक मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
