मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
मुख्य आरोपी की तलाश जारी, आईजी और एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
हरिद्वार, बहादराबाद 26 सितम्बर। बहादराबाद थाना क्षेत्र के चर्चित हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करते हुए हरिद्वार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। देर रात हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि 14 सितम्बर को पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटा, शांतरशाह के पास हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया।
शुक्रवार रात नहर पटरी तिरछा पुल पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और कलियर की ओर भागने लगे। पीछा करने पर दौलतपुर गांव के पास बाइक छोड़कर झाड़ियों की आड़ से पुलिस पर दोबारा गोलियां चलाईं। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का खुलासा
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुद्दसिर पुत्र जमशेद निवासी दतौली रांगण, थाना कोतवाली देहात, जिला सहारनपुर के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि मुख्य आरोपी इस्तकार उर्फ इस्तयाक को मृतक हैप्पी पर मुखबरी का शक था। वर्ष 2022 की एक घटना के बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी।
पुलिस के अनुसार इस्तकार पर स्मैक तस्करी में शामिल होने का आरोप था और हैप्पी उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था। बाद में पैसे की मांग और लगातार धमकियों से परेशान होकर इस्तकार ने अपने साथियों के साथ हैप्पी की हत्या की साजिश रची। 12 सितम्बर को रेकी करने के बाद 14 सितम्बर को वारदात को अंजाम दिया गया।
हथियार और बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस टीम को मिला पुरस्कार
हत्याकांड के खुलासे पर आईजी गढ़वाल ने पुलिस टीम को 5,000 रुपये तथा एसएसपी हरिद्वार ने 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
