सीसीटीवी की मदद से इंदौर की महिला श्रद्धालु का मोबाइल बरामद, बदरीनाथ धाम में 8 वर्षीय बच्चे को परिजनों से मिलाया
चमोली। बदरीनाथ धाम में चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं की सहायता करते हुए मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से इंदौर से आई महिला श्रद्धालु का खोया हुआ मोबाइल फोन बरामद कर उसे सुरक्षित वापस लौटाया।
पुलिस के अनुसार, महिला श्रद्धालु ने मोबाइल फोन खो जाने की सूचना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज की सहायता से मोबाइल की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने मोबाइल फोन बरामद कर महिला श्रद्धालु को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने पर महिला श्रद्धालु ने चमोली पुलिस का आभार जताया।
बिछड़े 8 वर्षीय बच्चे को परिवार से मिलाया
इसी दौरान श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर में 8 वर्षीय रियांश अपने परिवार से बिछड़ गया। बच्चे के परिजनों की तलाश में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस कर्मी बच्चे को सुरक्षित कंट्रोल रूम लेकर पहुंचे और ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से लगातार घोषणा कराई गई।
घोषणा के बाद बच्चे के परिजन कंट्रोल रूम पहुंचे। आवश्यक जानकारी की पुष्टि करने के बाद पुलिस ने रियांश को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
चमोली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं को राहत मिली। पुलिस ने धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए अपनी तत्परता बनाए रखने की बात कही।
