सेवा संकल्प अभियान के तहत रुद्रप्रयाग में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान

Listen to this article

रुद्रप्रयाग, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज कल्याण विभाग द्वारा जनपद के तीनों विकासखंडों में डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन, पंजीकरण और पात्रता संबंधी प्रक्रिया से अवगत करा रहे हैं।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन समेत केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों के बारे में भी बताया जा रहा है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि गत सप्ताह तीनों विकासखंडों में चलाए गए अभियान के दौरान अटल आवास योजना के तहत 9 नए आवेदन स्वीकृत किए गए। वहीं विभिन्न स्तरों पर 80 वृद्धावस्था पेंशन, 42 विधवा पेंशन और 15 दिव्यांग पेंशन के आवेदन स्वीकृत अथवा अग्रसारित किए गए।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत तीन विधवा महिलाओं के आवेदन भी प्राप्त हुए। संबंधित आवेदनों की आवश्यक औपचारिकताएं सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से पूर्ण कराई गईं। विभाग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *