नौ माह में 370 कोबरा समेत 2,221 वन्यजीव रेस्क्यू

Listen to this article

हरिद्वार रेंज में सबसे अधिक 1,145 वन्यजीवों का किया गया रेस्क्यू

हरिद्वार, 30 सितंबर। हरिद्वार वन प्रभाग ने इस वर्ष जनवरी से 24 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 2,221 वन्यजीवों का रेस्क्यू किया है। इनमें सबसे अधिक संख्या सांपों की रही। वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में 370 कोबरा, 323 वाइपर, 246 धामन और 212 अजगर को रेस्क्यू किया गया।

हरिद्वार रेंज में सर्वाधिक रेस्क्यू

रेंजवार आंकड़ों के मुताबिक हरिद्वार रेंज में सबसे अधिक 1,145 वन्यजीवों का रेस्क्यू किया गया। इसके बाद लक्सर में 359, चिड़ियापुर में 297, खानपुर में 165, रुड़की में 152 और श्यामपुर रेंज में 103 वन्यजीवों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

रेस्क्यू किए गए वन्यजीवों में सांपों के अलावा दो गुलदार, 20 कछुए, 54 गोह, 50 मगरमच्छ और 192 पक्षी भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 62 नीलगाय, सांभर और चीतल को भी रेस्क्यू किया गया।

गर्मी और बारिश में बढ़ती हैं घटनाएं

वन विभाग के अनुसार गर्मी और बारिश के मौसम में सांपों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। तापमान, बारिश और प्राकृतिक आवास में बदलाव के कारण सांप भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों, खेतों तथा अन्य क्षेत्रों के आसपास पहुंच जाते हैं।

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

हरिद्वार में जंगल और आबादी वाले क्षेत्र कई स्थानों पर एक-दूसरे के करीब हैं। ऐसे में घर, खेत, औद्योगिक क्षेत्र या सड़क किनारे सांप अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर लोगों को खुद पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए। वन विभाग की रेस्क्यू टीम को सूचना देकर वन्यजीव को सुरक्षित रेस्क्यू कराने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *