अखिलेश यादव के नेतृत्व में यूपी में बनेगी समाजवादी पार्टी की सरकार: आशीष यादव
हरिद्वार, 4 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी का 34वां स्थापना दिवस रविवार को जटवाड़ा पुल स्थित जिला कार्यालय में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्थापना दिवस की बधाई दी और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी का गठन किया था। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस संघर्ष को आगे बढ़ा रहे हैं।
आशीष यादव ने कहा कि अखिलेश यादव सड़क से लेकर संसद तक पीडीए यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों की आवाज को मजबूती से उठा रहे हैं। उनके संघर्ष से पीडीए समाज अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हुआ है और समाजवादी पार्टी के पक्ष में एकजुट हो रहा है।
यूपी में सरकार बनाने का दावा
उन्होंने दावा किया कि पीडीए के समर्थन से समाजवादी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत हासिल करेगी और अखिलेश यादव एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
मुलायम सिंह के नेतृत्व में मजबूत हुई पार्टी
सपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ. सत्यनारायण सचान ने कहा कि समाजवादी आंदोलन के दौर में पार्टी को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हुआ। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के साथ-साथ केंद्र की राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में कामेश्वर सिंह यादव, दीक्षांत शर्मा, विष्णु कश्यप, सोनू सरदार, बाबू सिंह, राजेश कुमार, छोटू, आदेश उपाध्याय, आस्तिक यादव, दिलशाद, कय्यूम अंसारी, कार्यालय प्रभारी रहीस अहमद, विनय चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
