उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी राष्ट्रीय नागरिक पार्टी

Listen to this article

34 सीटों पर महिला, 34 पर पुरुष और दो सीटों पर किन्नर समुदाय के उम्मीदवार उतारने का ऐलान

हरिद्वार, 21 अक्टूबर। नवगठित राष्ट्रीय नागरिक पार्टी ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने संविधान की मूल उद्देशिका को आधार बनाकर चुनाव लड़ने और महिला, पुरुष तथा किन्नर समुदाय को समान प्रतिनिधित्व देने की रणनीति घोषित की है। पार्टी के अनुसार, 34 सीटों पर महिला, 34 सीटों पर पुरुष और दो सीटों पर किन्नर समुदाय के उम्मीदवार मैदान में उतारे जाएंगे।

बुधवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राष्ट्रीय नागरिक पार्टी के अध्यक्ष कृष्ण कुमार गौतम ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपनी सोच से ऊपर उठकर संविधान को समझना और उसके अनुरूप कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी व्यक्ति विशेष, धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के नागरिकों के अधिकारों और समानता की भावना पर आधारित है।

गौतम ने संविधान की उद्देशिका में निहित ‘हम, भारत के लोग’ की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व और निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर उपलब्ध कराना है।

पांच साल में तीन वर्गों को मुख्यमंत्री पद का अवसर देने की योजना

कृष्ण कुमार गौतम ने बताया कि यदि पार्टी को विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलता है, तो मुख्यमंत्री सहित 10 सदस्यीय मंत्रिमंडल के गठन में चार महिला, चार पुरुष और एक किन्नर समुदाय के विधायक को शामिल करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रस्तावित व्यवस्था के तहत पांच वर्ष के कार्यकाल में पहले दो वर्ष महिला विधायक, अगले दो वर्ष पुरुष विधायक और अंतिम एक वर्ष किन्नर समुदाय के विधायक को मुख्यमंत्री पद पर कार्य करने का अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक मुख्यमंत्री के कार्यकाल में मंत्रिमंडल में नए विधायकों को शामिल करने की भी योजना है।

पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि इसी प्रतिनिधित्व आधारित फार्मूले को भविष्य में लोकसभा चुनाव में भी अपनाने और केंद्र में सरकार गठन के लिए आगे बढ़ाने की योजना है।

समान प्रतिनिधित्व और भागीदारी पार्टी का उद्देश्य

गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय नागरिक पार्टी का प्रमुख उद्देश्य देश के सभी नागरिकों के लिए समतामूलक प्रतिनिधित्व, भागीदारी और हिस्सेदारी सुनिश्चित करना है। पार्टी विधानसभा चुनाव में इसी विचारधारा को लेकर जनता के बीच जाएगी।

प्रेसवार्ता के दौरान बीआर गौतम और राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *