पुलिस दर्पण संवाददाता, हरिद्वार
हरिद्वार, 25 सितम्बर। ज्वालापुर के पांडेवाला स्थित प्राचीन सिद्धपीठ गोगा म्हाड़ी पर श्री पंचायती धड़ा फिराहेडियान के तत्वावधान में आयोजित पारंपरिक गुघाल मेले में गुरुवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र छड़ी की पूजा-अर्चना कर गोगाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और धार्मिक आस्था के साथ दर्शन-पूजन किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार गुघाल मेले की त्रयोदशी तिथि पर पवित्र छड़ी की पूजा और मनोकामना पूर्ण होने पर झंडा-निशान चढ़ाने का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
मेले में विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी पहुंचकर गोगाजी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, मेयर किरण जैसल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, गंगा सभा के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप झा, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीकांत वशिष्ठ, पत्रकार अविक्षित रमन तथा भाजपा नेता अंकुर पालीवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
धार्मिक आयोजन के साथ मेले में मनोरंजन और खरीदारी का भी उत्साह देखने को मिला। महिलाओं और बच्चों ने इलेक्ट्रॉनिक झूलों का आनंद लिया, जबकि टिक्की, चाट, गोलगप्पे, जलेबी और आइसक्रीम जैसी व्यंजनों का स्वाद लिया। महिलाओं ने गृह उपयोगी सामान, साज-सज्जा और सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर जमकर खरीदारी की।
श्री पंचायती धड़ा फिराहेडियान के अध्यक्ष सचिन कौशिक, मंत्री उमाशंकर वशिष्ठ, मेला संयोजक महेश तुम्बड़िया, कोषाध्यक्ष अनिल कौशिक, उपाध्यक्ष सुधीश श्रोत्रिय, उमेश कौशिक, अरुण श्रोत्रिय, मधुकांत श्रोत्रिय, चिराग वशिष्ठ, प्रदीप निगारे, रमाकांत मौलातिये, निर्मल गोस्वामी, रमाकांत जोशी और अनिरुद्ध वशिष्ठ सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
