पुलिस दर्पण संवाददाता, हरिद्वार
हरिद्वार, 25 सितम्बर। सिडकुल कोतवाली पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन चोरी के मामले का खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार ब्रह्मपुरी निवासी अंकित कुमार ने अपनी बाइक चोरी होने के संबंध में सिडकुल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार मामले की जांच और आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम दवा चौक, सिडकुल पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान राजा बिस्कुट चौक की ओर से तेज रफ्तार में एक बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। भागने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और टायर फिसलने से वह सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और बाइक की जांच की। जांच में मोटरसाइकिल वही निकली, जिसकी चोरी की रिपोर्ट अंकित कुमार ने दर्ज कराई थी।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम ऋतिक पुत्र कल्लू सिंह, निवासी बस्तूरा, थाना हस्तिनापुर, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 15 सितम्बर को ब्रह्मपुरी क्षेत्र से बाइक चोरी की थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष अजय शाह, एडिशनल एसआई अनिल सैनी, हेड कांस्टेबल संजय तोमर और कांस्टेबल सुनील कुमार शामिल रहे।
