बीएचईएल हरिद्वार में हर्षोल्लास से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

Listen to this article

भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्मशीलता के प्रतीक: रंजन कुमार

हरिद्वार, 17 सितम्बर। अभियांत्रिकी, उद्योग एवं हस्तशिल्प के आराध्य भगवान विश्वकर्मा की जयंती बीएचईएल हरिद्वार में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बीएचईएल हरिद्वार की विभिन्न वर्कशॉप और कार्यालयों में विधिवत श्री विश्वकर्मा पूजन किया गया।

बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित पूजन कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं।

रंजन कुमार ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और कर्मशीलता के प्रतीक हैं। उनकी जयंती प्रत्येक व्यक्ति को कार्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि बीएचईएल जैसे तकनीकी संस्थान के लिए यह दिवस तकनीकी उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करने का अवसर है।

उन्होंने कर्मचारियों से कार्यस्थल पर गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार को निरंतर प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा से संस्थान की प्रगति, समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की।

इस अवसर पर महाप्रबंधक मानव संसाधन सुश्री सुमति शर्मा सहित बीएचईएल हरिद्वार के अन्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *