भूपतवाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उठाया असुरक्षित सीवर ढक्कनों का मुद्दा, जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
हरिद्वार, 23 अक्टूबर। युवा कांग्रेस नेता तुषार कपिल के सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद महानगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भूपतवाला में प्रदर्शन कर उन्हें पर्याप्त उपचार उपलब्ध कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क से ऊपर उठे और क्षतिग्रस्त सीवर ढक्कनों को दुर्घटनाओं का संभावित कारण बताते हुए उनकी तत्काल मरम्मत तथा क्षेत्र की सड़कों को सुरक्षित बनाने की मांग भी उठाई।
प्रदर्शन के दौरान महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमन गर्ग ने तुषार कपिल के गंभीर रूप से घायल होने पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि तुषार के परिजनों को उपचार के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर और डॉ. सुशील शर्मा ने कहा कि हरिद्वार की जनता आखिर कब तक अधूरे विकास कार्यों और असुरक्षित सड़कों के कारण दुर्घटनाओं का जोखिम उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि सड़क से ऊपर उठे सीवर के ढक्कन वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
युवा नेता वरुण बालियान और यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नितिन तेश्वर ने कहा कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर समय रहते मरम्मत, चेतावनी संकेत और सुरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए। वरिष्ठ नेता अशोक शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष अजय गिरी ने कहा कि दुर्घटनाओं के बाद केवल औपचारिकता निभाने के बजाय ऐसी व्यवस्था जरूरी है, जिससे हादसों को रोका जा सके और लापरवाही सामने आने पर ठोस कार्रवाई हो।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव उत्कर्ष वालिया और महानगर कांग्रेस महासचिव तरुण व्यास ने भाजपा सरकार तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की। श्रमिक नेता वीरेंद्र श्रमिक और युवा नेता ओम मलिक ने दुर्घटनास्थल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण कराने तथा जांच में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों, कार्यदायी संस्था या ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भूपतवाला और आसपास के क्षेत्रों में सभी ऊंचे, क्षतिग्रस्त तथा असुरक्षित सीवर ढक्कनों का सर्वे कराने, उन्हें सड़क के स्तर के अनुरूप सुरक्षित बनाने और मरम्मत पूरी होने तक खतरनाक स्थानों पर चेतावनी संकेत, पर्याप्त रोशनी तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की।
प्रदर्शन में महानगर कांग्रेस सचिव करन सिंह राणा, गौरव गोस्वामी, मोहित अरियाल, तरनजीत सिंह, शुभम यादव, डुंगर सिंह, अमन ठाकुर, योगेश त्यागी, अखिल त्यागी, विकास चंद्रा, रितेश सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
