मुख्यमंत्री धामी कर रहे मदरसों में आधुनिक शिक्षा का मार्ग प्रशस्त : मनव्वर कुरैशी
हरिद्वार, 23 अक्टूबर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मनव्वर कुरैशी ने मदरसों में शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित किए जाने के सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को समान शैक्षिक व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह कदम स्वागत योग्य है।
मनव्वर कुरैशी ने कहा कि स्कूल के रूप में मान्यता प्राप्त मदरसों में रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की घोषणा से शैक्षणिक व्यवस्था में एकरूपता लाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन कर मदरसों और अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने का मार्ग प्रशस्त किया है।
उन्होंने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को आधुनिक शिक्षा के अवसर मिलने से वे भविष्य में इंजीनियर, डॉक्टर, वैज्ञानिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगे।
मनव्वर कुरैशी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों में समान शैक्षणिक व्यवस्था और आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने मदरसा प्रबंधकों से भी सरकार के रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने के निर्णय का स्वागत करने की अपील की।
उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक अवसरों से अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को आगे बढ़ने तथा अपने भविष्य को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
