दीपावली की रात गंगनहर में फिर शुरू होगी जलापूर्ति

Listen to this article

सफाई और रखरखाव के लिए मंगलवार आधी रात से बंद होगी गंगनहर, कुंभ की तैयारियों को भी मिलेगी गति

हरिद्वार, 20 अक्टूबर। गंगनहर की वार्षिक बंदी के तहत मंगलवार आधी रात से नहर में पानी की आपूर्ति रोक दी जाएगी। इस दौरान हरिद्वार से कानपुर तक गंगनहर की साफ-सफाई और रखरखाव का कार्य किया जाएगा। दीपावली की रात कार्य पूरा होने के बाद गंगनहर में दोबारा जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।

गंगनहर की यह वार्षिक बंदी हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नहर में पानी का बहाव रुकने से हरिद्वार में गंगनहर के किनारे करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित घाटों के निर्माण कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। पानी कम होने से संबंधित क्षेत्रों में निर्माण और मरम्मत के कार्य करने में सुविधा होगी।

गंगनहर बंद होने का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी पड़ सकता है। मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों में पेयजल तथा सिंचाई के लिए नहर के पानी पर निर्भरता रहती है। ऐसे में बंदी की अवधि के दौरान जलापूर्ति और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता विकास त्यागी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी दशहरे से दीपावली तक गंगनहर की वार्षिक बंदी की जा रही है। इस अवधि में साफ-सफाई के साथ आवश्यक रखरखाव और मरम्मत के कार्य पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्य संपन्न होने के बाद दीपावली की रात गंगनहर में जलापूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

गंगनहर की वार्षिक बंदी के दौरान जहां नहर की सफाई और रखरखाव किया जाएगा, वहीं हरिद्वार में कुंभ मेले से संबंधित घाट निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *