हरिद्वार ग्रामीण में भाजपा टिकट के लिए शिवा चौहान की दावेदारी तेज

Listen to this article

समर्थक सोशल मीडिया पर स्थानीय प्रत्याशी के पक्ष में बना रहे माहौल, शिवा बोले- जनता भी स्थानीय उम्मीदवार के समर्थन में

हरिद्वार, 20 अक्टूबर। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा टिकट के दावेदार भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री शिवा चौहान के समर्थन में उनके समर्थकों ने माहौल बनाना शुरू कर दिया है। समर्थक स्थानीय प्रत्याशी को टिकट देने की मांग उठाते हुए सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।

पार्टी हाईकमान के समक्ष अपनी दावेदारी पेश कर चुके शिवा चौहान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में सक्रिय हैं। वह बिजली, पानी, सड़क और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठा रहे हैं। इसके साथ ही क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।

शिवा चौहान क्षेत्र की मौजूदा विधायक अनुपमा रावत की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते रहे हैं। उनकी राजनीतिक सक्रियता से समर्थकों में उत्साह दिखाई दे रहा है। समर्थकों का जोर इस बात पर है कि हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से किसी स्थानीय नेता को भाजपा का प्रत्याशी बनाया जाए, ताकि क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से उठाया जा सके।

शिवा चौहान ने कहा कि वह पार्टी के प्रति समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं और भाजपा की रीति-नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा क्षेत्र की जनता भी स्थानीय प्रत्याशी के समर्थन में है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उम्मीदवार को अवसर मिलने पर वह क्षेत्र की जनता के बीच 24 घंटे उपलब्ध रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम कर सकेगा। फिलहाल भाजपा में टिकट को लेकर दावेदारी और समर्थकों की सक्रियता के बीच हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *