भेल कर्मचारियों को 70 हजार रुपये दिवाली बोनस देने की मांग, यूनियन ने दी आंदोलन की चेतावनी

Listen to this article

एक सप्ताह में ज्वाइंट कमेटी की बैठक बुलाने की मांग, ऑफलाइन बैठक कराने पर दिया जोर

हरिद्वार, 23 अक्टूबर। भेल के श्रमिक संगठन हैवी इलेक्ट्रिकल वर्कर्स ट्रेड यूनियन की बैठक में कर्मचारियों के दिवाली बोनस सहित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। यूनियन ने प्रबंधन से जल्द ज्वाइंट कमेटी की बैठक बुलाकर बोनस की राशि निर्धारित करने और कर्मचारियों को कम से कम 70 हजार रुपये बोनस का भुगतान एक नवंबर तक करने की मांग की। साथ ही ज्वाइंट कमेटी की ऑनलाइन बैठक कराने के निर्णय का विरोध करते हुए पूर्व की भांति ऑफलाइन बैठक आयोजित करने की मांग उठाई गई। बैठक में कई भेल कर्मचारियों ने यूनियन की सदस्यता भी ग्रहण की।

सेक्टर-3 स्थित यूनियन कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूनियन अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रामयश सिंह ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की कई कंपनियां अपने कर्मचारियों के दिवाली बोनस की घोषणा कर चुकी हैं, लेकिन भेल प्रबंधन ने अभी तक ज्वाइंट कमेटी की बैठक की तिथि घोषित नहीं की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द बैठक बुलाकर बोनस तय किया जाना चाहिए। यदि एक सप्ताह के भीतर बैठक की तिथि घोषित नहीं की गई तो यूनियन आंदोलन करने को मजबूर होगी।

यूनियन के महामंत्री विकास सिंह ने नीरज बघेल, बसंत कुमार, दिनेश सैनी, मंजय कुमार, ओमप्रकाश पाल, राजकुमार, दीपक बागला सहित नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यूनियन परिवार की तरह सभी सदस्यों के साथ खड़ी रहेगी और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रबंधन से वार्ता करेगी।

उन्होंने आर्टिजन भर्ती में मृतक आश्रितों के बच्चों के लिए निर्धारित 15 प्रतिशत कोटे को बढ़ाकर पूर्व की भांति 25 प्रतिशत करने, वर्तमान कर्मचारियों के बच्चों के लिए अलग से आरक्षण की सुविधा देने तथा कोरोना के दौरान मृत कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता जारी रखने की मांग की।

यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष रवि कश्यप ने कहा कि कर्मचारियों को छुट्टी या रविवार के दिन ड्यूटी पर बुलाए जाने पर नियमानुसार ओवरटाइम का भुगतान किया जाना चाहिए। कार्यवाहक अध्यक्ष सुभाष पुरोहित ने कैंटीन व्यवस्था में सुधार, अस्पताल में चिकित्सकों की भर्ती, अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी और लंबित लैपटॉप वितरण जल्द कराने की मांग की।

भेल श्रमिक यूनियन के महामंत्री सचिन चौहान ने कर्मचारियों के इंसेंटिव, उपनगरीय क्षेत्र में मेंटिनेंस, लकड़ी के कार्य, सड़क मरम्मत तथा अन्य रखरखाव व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता जताई। उन्होंने भेल में जलापूर्ति बाधित होने की समस्या के समाधान के लिए प्रबंधन से वार्ता करने की बात कही।

बैठक का संचालन राकेश मालवीय ने किया। इस अवसर पर मार्कंडेय सिंह, संदीप सिंघानिया, चंद्रमोहन बघेल, सुमित गर्ग, सुनील कुमार, नवीन गिरी, मोहित, सत्येंद्र प्रताप सिंह, भगत रावत, अजीतपाल सिंह, प्रह्लाद चौहान, अजय सिंह, गोपाल राठी, बाबूलाल सहित यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *