शांतिभंग की आशंका में नगर कोतवाली पुलिस ने की कार्रवाई
हरिद्वार, 25 अक्टूबर। हरिद्वार रेलवे स्टेशन के गेट के सामने आपस में गाली-गलौज और मारपीट कर रही आठ महिलाओं को नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लेकर शांतिभंग के आरोप में चालान कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बीती रात रेलवे स्टेशन के गेट के सामने महिलाओं के दो गुटों के बीच विवाद और हाथापाई की सूचना मिली थी। सूचना पर एसआई निशा सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जानकारी ली।
जांच के दौरान सामने आया कि आने-जाने वाले लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और महिलाएं आपस में मारपीट करने लगीं।
मौके पर शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आठ महिलाओं को हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
