ब्यूरो — पुलिस दर्पण, हल्द्वानी
हल्द्वानी, 12 सितंबर। हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में नैनीताल पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह साइबर ठगी से प्राप्त रकम को म्यूल बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर भेजता था। कार्रवाई के दौरान दो किशोरों को भी संरक्षण में लिया गया। गिरोह के तार उत्तराखंड के साथ मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक मुखानी थाना पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पांच-छह सितंबर की रात सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि गिरोह स्थानीय युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल करता था। इन खातों में साइबर ठगी की रकम पहुंचाई जाती और बाद में एटीएम तथा सीडीएम के माध्यम से रकम निकालकर दूसरे खातों में स्थानांतरित की जाती थी।
जांच में क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से धन के लेनदेन की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.18 लाख रुपये नकद, लैपटॉप, आईपैड और कई महंगे मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरोह के अन्य सदस्यों और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच शुरू कर दी है। दो अन्य वांछित आरोपियों की तलाश भी जारी बताई गई है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद साइबर अपराध से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने लोगों से अपने बैंक खाते, एटीएम और मोबाइल बैंकिंग की जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न देने की अपील की है।
