खेल महाकुंभ 2026–27: राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के तीसरे दिन हरिद्वार के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

Listen to this article

पुलिस दर्पण ब्यूरो, हरिद्वार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के अंतर्गत आयोजित खेल महाकुंभ 2026–27 की राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के कई जनपदों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें हरिद्वार के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अंडर-19 बालक वर्ग के योगासन रिदमिक पेयर मुकाबले में हरिद्वार के शरशील मोर्यख, नील और नितिन मुकेश की जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया। देहरादून के कार्तिक सिंह और युवराज पचरियाल दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरिद्वार के अखिलेश पंवार और कार्तिक त्यागी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अंडर-19 बालिका वर्ग के योगासन रिदमिक पेयर में हरिद्वार की प्रारंभिका मिश्रा और अवेरी अवि की जोड़ी ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हरिद्वार की ही मानसी और रोहिमा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रीति और अंशिका कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

अंडर-19 बालक वर्ग के योगासन आर्टिस्टिक पेयर में हरिद्वार के गोपाल सिंह और दक्ष मलिक विजेता बने। पौड़ी गढ़वाल के सागर और वरुण सिंह दूसरे स्थान पर रहे, जबकि देहरादून के आयुष सिंह और प्रियांश रावत ने तीसरा स्थान हासिल किया।

वहीं अंडर-19 बालक वर्ग के योगासन आर्टिस्टिक सिंगल मुकाबले में अल्मोड़ा के हिमेश बिष्ट ने पहला स्थान प्राप्त किया। उधम सिंह नगर के हार्दिक सिंह बिष्ट दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हरिद्वार के किशोरी लाल प्रसाद ने तीसरा स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला खेल अधिकारी रविन्द्र भण्डारी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रहा है।

कार्यक्रम में योग एसोसिएशन के सचिव विपिन दीपक, जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिनव शरदिया, उप जिला अधिकारी मृदुल सिंह बिष्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी यमकेश्वर, पूनम मिश्रा, उत्तरकाशी से सचिन कुमार, खेल विभाग के समन्वयक, शिक्षा विभाग के खेल शिक्षक तथा निर्णायक मंडल के सदस्य घनश्याम, कृष्णा करुणा, टीना चौधरी, राकेश वर्मा, दीपिका अधिकारी, शशांक, प्रियांशु, पवन, मनमोहन, कमलेश, अभिनव शाह और विपिन सहित युवा कल्याण विभाग के अनेक अधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने खेल महाकुंभ को नई ऊर्जा प्रदान की। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता के आगामी चरणों में भी विभिन्न खेल विधाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेशभर के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *