सिडकुल-धनौरी मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का सिंचाई विभाग कार्यालय पर प्रदर्शन

Listen to this article

पुलिस दर्पण संवाददाता, हरिद्वार

हरिद्वार, 25 सितम्बर। सिडकुल-धनौरी मार्ग की जर्जर हालत को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला उपाध्यक्ष अबरार अली के नेतृत्व में उत्तराखंड सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क की शीघ्र मरम्मत की मांग करते हुए अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सिडकुल-धनौरी मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है और सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से राहगीरों व वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान गड्ढों में जलभराव होने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।

जिला उपाध्यक्ष अबरार अली ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग और वाहन गुजरते हैं, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की स्थिति में स्थायी सुधार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल गड्ढे भरकर औपचारिकता निभा देता है।

युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि 30 नवंबर तक सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हुआ तो सिंचाई विभाग कार्यालय पर ताला लगाकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

सोशल मीडिया संयोजक महबूब अली और तनु वालिया ने कहा कि क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की अनदेखी की जा रही है, जबकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलनी चाहिए।

इस संबंध में अधिशासी अभियंता खुशवंत सिंह चौहान ने बताया कि सड़क के गड्ढे भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर 30 नवंबर तक सड़क की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी।

प्रदर्शन में इदरीश मंसूरी, मासूम, दानिश, सागर, जोएब, साहिल, नौशाद, अहमद, सनव्वर, इमरान, राकेश, नईम और गुलशनव्वर सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *