सपा कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को दी श्रद्धांजलि

Listen to this article

119वीं जयंती पर माल्यार्पण कर किया नमन, उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प

पुलिस दर्पण , हरिद्वार

हरिद्वार, 28 सितंबर 2026। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर ललतारौ पुल स्थित सपा महानगर कार्यालय में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए उनके बलिदान को याद करते हुए उनके विचारों और आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता डॉ. राजेंद्र पाराशर ने कहा कि भगत सिंह महान देशभक्त और समाजवाद के प्रतीक थे। उनका जीवन, विचार और देश के लिए दिया गया बलिदान आज भी युवाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने तथा समाज में समानता की स्थापना के लिए प्रेरित करता है।

सपा के उत्तराखंड सहप्रभारी महंत शुभम गिरी ने कहा कि भगत सिंह के क्रांतिकारी विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके पदचिह्नों पर चलते हुए देश और समाज के हित में कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह का संघर्ष केवल स्वतंत्रता प्राप्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक समान और न्यायपूर्ण समाज की कल्पना रखते थे। युवाओं को उनके जीवन से देशप्रेम, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणा लेनी चाहिए।

इस अवसर पर रविंद्र चौधरी, दीक्षांत शर्मा, पंडित संजय गोद, बाबा भाई नरपाल चौधरी, अजय अग्रवाल, मंगल और रविंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *