बहादराबाद। शान्तरशाह क्षेत्र में हुए हैप्पी हत्याकांड में बहादराबाद पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्तकार उर्फ इस्तयाक (24) पुत्र वहीद, निवासी ग्राम शान्तरशाह के रूप में हुई है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त .315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और खूनालूदा शर्ट बरामद करने का दावा किया है।
14 सितंबर को हुई थी हत्या
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर 2026 को पतंजलि रोड स्थित देव धर्मकांटा, शान्तरशाह के पास 28 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर कोतवाली बहादराबाद में मु0अ0सं0 326/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास दबोचा
एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार सुरागरसी के दौरान इस्तकार के फतेहपुर थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली। इसके बाद बहादराबाद पुलिस टीम ने थाना फतेहपुर, जनपद सहारनपुर क्षेत्र में छुटमलपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार पूछताछ में इस्तकार ने अपने साथी मुदस्सिर और शादाब के साथ मिलकर पुरानी रंजिश के चलते हैप्पी की हत्या करने की बात बताई। पुलिस का कहना है कि इस्तकार को वर्ष 2022 के एक मामले में हैप्पी द्वारा पुलिस को मुखबिरी किए जाने का शक था। इसी को लेकर दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की और 14 सितंबर को वारदात को अंजाम दिया।
इस मामले में पुलिस एक अन्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह, व0उ0नि0 अशोक सिरसवाल, उपनिरीक्षक विकास रावत, उपनिरीक्षक अजय कुमार, उपनिरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज समेत अन्य पुलिसकर्मी।
