एसएमजेएन कॉलेज में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन

Listen to this article

उच्च शिक्षा के अवसर होंगे व्यापक, विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर मिलेंगी शैक्षणिक सुविधाएं

हरिद्वार, 29 सितम्बर। एसएमजेएन कॉलेज परिसर में स्थापित किए गए उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीनचंद्र लोहनी, अखाड़ा परिषद एवं कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज, प्राचार्य प्रो. डा. सुनील कुमार बत्रा, सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी, सहायक निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं डा. एम.एम. जोशी एवं डा. गिरिजा पांडे की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिसर में पुस्तक मेले का आयोजन भी किया गया तथा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं।

विद्यार्थियों को मिलेंगे बेहतर शैक्षणिक अवसर

प्राचार्य प्रो. डा. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि कॉलेज परिसर में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अधिक व्यापक अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर विश्वविद्यालय की सेवाएं उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए सुविधा मिलेगी।

कुलपति प्रो. नवीनचंद्र लोहनी ने कहा कि विश्वविद्यालय का मूल उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिकाधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। हरिद्वार में क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के समाधान में भी सुविधा होगी।

शिक्षा और संस्कार पर दिया जोर

कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहंत डा. रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने क्षेत्रीय कार्यालय की शुरुआत को हरिद्वार के लिए गौरव का विषय बताते हुए विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने तथा शिक्षा के साथ संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

डा. गिरिजा पांडे ने कहा कि बदलते शैक्षणिक परिवेश में विद्यार्थियों को लचीले एवं वैकल्पिक अध्ययन के अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहा है।

प्रवेश, परीक्षा और अध्ययन सामग्री की मिलेगी जानकारी

डा. एम.एम. जोशी ने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालय के माध्यम से विश्वविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा। सहायक क्षेत्रीय निदेशक बृजेश बनकोटी ने कहा कि कार्यालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ प्रवेश, परीक्षा, अध्ययन सामग्री एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पुस्तक मेले में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कॉलेज परिसर में आयोजित विशाल पुस्तक मेला रहा। मेले में विभिन्न विषयों से संबंधित पुस्तकों का समृद्ध संग्रह प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में पुस्तक मेले का अवलोकन किया और अपनी रुचि के अनुरूप पुस्तकों का चयन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें भी वितरित की गईं।

विद्यार्थियों ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव के बावजूद पुस्तकों का महत्व कायम है। निःशुल्क पुस्तकें मिलने से उन्हें पढ़ाई के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री उपलब्ध हुई है।

इस अवसर पर प्रो. विनय थपलियाल, डा. मनोज कुमार सोही, वैभव बत्रा, डा. पूर्णिमा सुंदरियाल, विनीत सक्सेना, डा. विजय शर्मा, डा. पल्लवी, डा. मीनाक्षी शर्मा, जोगेंद्र मावी, डा. योगेश सिंघल, तारा सिंह, रुचिता सक्सेना, कार्यालय अधीक्षक मोहनचंद्र पाण्डेय सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *