हरिद्वार, 15 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद शिकारपुर लंढौरा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति सुचारू कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत के तत्काल संज्ञान के बाद जिला प्रशासन और पेयजल निगम ने कार्रवाई करते हुए नई पानी की टंकी से कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति शुरू कर दी। पेयजल व्यवस्था बहाल होने पर स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ता श्रीमती गीता, पत्नी अंकित, निवासी शिकारपुर लंढौरा से दूरभाष पर बातचीत कर पानी की समस्या की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को मौके पर जाकर निरीक्षण करने तथा पेयजल निगम को समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र शिकायतकर्ता के आवास पहुंचे और पूरी कॉलोनी की पेयजल व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घर-घर जाकर पानी की उपलब्धता का जायजा लिया और यह भी देखा कि कॉलोनीवासियों की पानी की टंकियों में पर्याप्त जलापूर्ति हो रही है या नहीं।
अधिशासी अभियंता पेयजल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बनी इस कॉलोनी में पहले अस्थायी व्यवस्था से पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा था। मुख्य पाइपलाइन में पानी का दबाव कम होने के कारण पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही थी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद कॉलोनी में निर्मित नई पानी की टंकी से जलापूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे शिकायतकर्ता सहित सभी आवासों में नियमित पानी पहुंचने लगा है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने पुष्टि की कि शिकायतकर्ता के आवास सहित पूरी कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति सामान्य रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
पेयजल आपूर्ति बहाल होने पर शिकायतकर्ता श्रीमती गीता और कॉलोनीवासियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता जी.एस. तोमर, अधिशासी अभियंता विद्युत यांत्रिक शाखा सुधीर कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी एम.एम. खान, नगर पंचायत लंढौरा के अधिशासी अधिकारी हेमंत कुमार तथा अन्य अधिकारी और कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
