कनाडा निवासी कारोबारी ने एसएसपी कार्यालय में दी शिकायत, आरोपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
हरिद्वार, 1 अक्टूबर। कनाडा निवासी एक एनआरआई कारोबारी ने क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ढाई करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कनाडा निवासी रियल एस्टेट कारोबारी हेमंत शर्मा ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
क्रिकेट टीम की फ्रेंचाइजी दिलाने का दावा
हेमंत शर्मा के अनुसार, कारोबार के सिलसिले में दिल्ली में उनकी मुलाकात हरिद्वार निवासी मनीष भट्ट से हुई थी। आरोप है कि मनीष भट्ट ने बड़े क्रिकेट खिलाड़ियों से अपनी जान-पहचान होने का हवाला देते हुए उन्हें ‘नॉर्दन वॉरियर’ की फ्रेंचाइजी दिलाने का भरोसा दिया। हेमंत शर्मा का दावा है कि इस भरोसे में आकर उन्होंने करीब ढाई करोड़ रुपये दिए।
फ्रेंचाइजी नहीं मिलने पर जताया धोखाधड़ी का आरोप
हेमंत शर्मा ने आरोप लगाया कि बाद में अनुबंध किसी अन्य टीम के साथ करा दिया गया और उन्हें अपेक्षित फ्रेंचाइजी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मनीष भट्ट से संपर्क करने का प्रयास किया। उनका कहना है कि मनीष भट्ट फोन पर बातचीत के बजाय केवल व्हाट्सऐप चैट के माध्यम से संपर्क करता है और रकम वापस मांगने पर आश्वासन देता रहा।
हेमंत शर्मा के मुताबिक, करीब एक वर्ष बीतने के बाद उन्होंने 17 सितंबर को हरिद्वार पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
लोगों को सावधान करने की कही बात
हेमंत शर्मा ने कहा कि प्रेस वार्ता करने का उद्देश्य संबंधित मामले को सामने रखने के साथ अन्य लोगों को भी सावधान करना है, ताकि कोई व्यक्ति इस तरह के कथित फर्जीवाड़े का शिकार न हो। प्रेस वार्ता में मौजूद सुमित चौधरी और नीरज चौधरी ने भी प्रशासन से मामले की जांच कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की।
मनीष भट्ट ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, मनीष भट्ट ने हेमंत शर्मा द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को मिथ्या और बेबुनियाद बताया। उनका कहना है कि आपसी रंजिश और 35 लाख रुपये की कथित देनदारी से बचने के लिए उनके खिलाफ मनगढ़ंत आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि 35 लाख रुपये की देनदारी से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है और वह उसमें गवाह हैं।
मनीष भट्ट ने यह भी कहा कि जिस टीम की फ्रेंचाइजी को लेकर हेमंत शर्मा द्वारा एग्रीमेंट किए जाने की बात कही जा रही है, वह उस टीम को भी नहीं जानते। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह मामले में जल्द कानूनी कार्रवाई करेंगे।
मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर स्पष्ट होगी।
