आंगन मिलन कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन
हरिद्वार, 1 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नई बस्ती खड़खड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में तीन गर्भवती महिलाओं की विधि-विधान से गोद भराई तथा दो नन्हे बालकों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
योजनाओं से महिलाओं और बच्चों को मिल रहा लाभ
मुख्य अतिथि भाजपा स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला एवं बाल संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं और नवजात शिशुओं के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नन्दा गौरा योजना, महालक्ष्मी किट, पोषण आहार तथा सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क प्रसव जैसी योजनाओं से महिलाओं को लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चों के पोषण और मातृ स्वास्थ्य के लिए आंगनबाड़ी केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
विद्यार्थियों के लिए भी योजनाएं
अनिरुद्ध भाटी ने कहा कि सरकार महिलाओं के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए भी योजनाएं संचालित कर रही है। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 51 हजार रुपये तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटॉप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
भाजयुमो के प्रांतीय नेता दीपांशु विद्यार्थी ने कहा कि नन्दा गौरा योजना और महालक्ष्मी किट जैसी योजनाओं से किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं को लाभ मिल रहा है। योजनाओं के प्रति जागरूकता के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
तीन महिलाओं की गोद भराई, दो बच्चों का अन्नप्राशन
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्री आनन्दी नौडियाल, सहायिका रीता रानी और समाजसेवी सीमा भारद्वाज ने चन्द्रा भट्ट, पूजा गुप्ता और शिवानी की गोद भराई कराई। वहीं श्रेयांश पाण्डेय और शिवी का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माताएं, बच्चे और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
