एनडीपीएस एक्ट के मामले में सात महीने से चल रहा था फरार, कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल
हरिद्वार, 14 अक्टूबर। हरिद्वार जिले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुग्गावाला कोतवाली पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित था और पिछले सात महीने से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
गांव से पुलिस ने दबोचा आरोपी
पुलिस के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुग्गावाला कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी दिलबहार उर्फ दिलबर पुत्र नाजिम, निवासी ग्राम गांजा माजरा को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में पेशी के बाद भेजा जेल
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
इस कार्रवाई में अमानतगढ़ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मन्नवर हुसैन, हेड कांस्टेबल कुश यादव और कांस्टेबल शूरवीर शामिल रहे।
