सीवर मेनहोल के ढक्कन से टकराकर युवक घायल, व्यापारी नेता सुनील सेठी ने की कार्रवाई की मांग

Listen to this article

सीवर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा घायलों को मुआवजा देने की उठाई मांग

हरिद्वार, 25 अक्टूबर। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने भूपतवाला क्षेत्र में सीवर लाइन के मेनहोल के ढक्कन से टकराकर युवा कांग्रेस नेता तुषार कपिल के गंभीर रूप से घायल होने की घटना पर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने सीवर कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

सुनील सेठी ने इस संबंध में सप्तऋषि चौकी प्रभारी एसआई खेमेंद्र गंगवार को शिकायत सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि बाइक से घर लौट रहे तुषार कपिल सड़क पर स्थित सीवर लाइन के मेनहोल के ढक्कन से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इस तरह की घटनाएं सड़क सुरक्षा और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

सुनील सेठी ने कहा कि सीवर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दुर्घटना में घायल तुषार कपिल के साथ-साथ ऐसी घटनाओं के अन्य पीड़ितों को भी उचित मुआवजा देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर सीवर कार्यों और मेनहोल के ढक्कनों की स्थिति की नियमित जांच होनी चाहिए। यदि लापरवाही के कारण कोई व्यक्ति दुर्घटना का शिकार होता है, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

इस दौरान धर्मशाला समिति के अध्यक्ष महंत भीमसैन, कुमाऊं संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष संदीप भट्ट, श्री गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति, समाजसेवी रितेश वशिष्ठ, ऑटो यूनियन अध्यक्ष हरीश अरोड़ा, महंत संजय, लालजी यादव, सावन कुमार, प्रभात कौशिक, विकास मलिक, राकेश सिंह, राकेश कुमार, जनार्दन पांडे, नंदकिशोर पंडित, नितिन शर्मा, रवि नेगी, जुगल किशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *