हत्या के तीन मामलों समेत 22 मुकदमे दर्ज, कनखल पुलिस ने घर से दबोचा
शांतिभंग के आरोप में 14 और 24 अक्टूबर को भी हो चुका है गिरफ्तार
हरिद्वार, 26 अक्टूबर। कनखल कोतवाली पुलिस ने अवैध वसूली और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या के तीन मामलों समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ पूर्व में भी शांतिभंग के आरोप में कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को रविदास बस्ती निवासी देवनन्द मंडल और आनन्द कुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि बस्ती का ही रहने वाला अमित कटारिया आए दिन उनसे दुकान से सामान लेने और पैसे मांगने को लेकर विवाद करता था। आरोप है कि विरोध करने पर वह चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देता था।
शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शराब पीने के लिए पैसे मांगता है और बस्ती में डर का माहौल बनाता है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने घर से किया गिरफ्तार
मामले में कार्रवाई करते हुए एसएसआई अनुज सिंह ने पुलिस टीम के साथ आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि आरोपी को इससे पहले 14 और 24 अक्टूबर को भी शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
