शंकराचार्य चौक पर पुष्पमालाओं से किया महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज का अभिनंदन
दंडवत यात्रा भक्ति और सेवा की प्रेरणा देगी – पंडित अधीर कौशिक
हरिद्वार, 30 अक्टूबर। सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से महामंडलेश्वर स्वामी शंकर करौली महादेव महाराज के सानिध्य में निकाली जा रही दंडवत यात्रा का हरिद्वार में श्री अखंड परशुराम अखाड़े की ओर से भव्य स्वागत किया गया। श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं मिश्री मठ के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज के नेतृत्व में निकली यात्रा का शंकराचार्य चौक पर स्वागत कर श्रद्धालुओं को जलपान वितरित किया गया।
इस अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज देश-दुनिया में सनातन संस्कृति की पताका फहरा रहे हैं। उनके सानिध्य में सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए निकाली जा रही दंडवत यात्रा निश्चित रूप से समाज को भक्ति, सेवा और आध्यात्मिकता की प्रेरणा प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को दिव्य साधना का पुण्य फल प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि महामंडलेश्वर स्वामी करौली शंकर महाराज श्रद्धालुओं को धर्म एवं अध्यात्म का ज्ञान देने के साथ-साथ मां गंगा की स्वच्छता के प्रति भी समाज को जागरूक कर रहे हैं। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश देना सराहनीय पहल है। ऐसी यात्राएं समाज में धार्मिक चेतना और सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करती हैं।
इस अवसर पर स्वामी कार्तिक गिरी, भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री, ऋषि शर्मा, कुलदीप सहित श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अन्य पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
