रुद्रप्रयाग, 15 सितंबर 2026। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग परिसर में मंगलवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला सूचना कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान करते हुए कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के तहत कर्मचारियों ने परिसर के आसपास उगी झाड़ियों का कटान किया तथा अनावश्यक घास-फूस और कूड़े-कचरे को हटाकर पूरे परिसर को साफ-सुथरा बनाया। अधिकारियों ने परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
अभियान के दौरान हरेला पर्व के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में लगाए गए पौधों का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधों की स्थिति, उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जानकारी ली। साथ ही पौधों की सिंचाई और संरक्षण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि परिसर को अधिक हराभरा और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।
जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ कार्यालय और स्वच्छ वातावरण बेहतर कार्य संस्कृति के साथ-साथ स्वस्थ जीवन के लिए भी आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। यदि सभी लोग अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पौधों की देखभाल का संकल्प लें, तो स्वच्छ एवं हरित वातावरण का लक्ष्य आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।
अभियान में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने नियमित रूप से कार्यालय परिसर की स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। जिला सूचना कार्यालय ने इस पहल के माध्यम से स्वच्छता और हरित पर्यावरण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया।
