स्वच्छता के साथ पोषण, मातृ-शिशु कल्याण एवं विभागीय योजनाओं के प्रति भी किया गया जागरूक
रुद्रप्रयाग, 18 सितंबर, 2026 : सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद के तीनों विकासखंडों की समस्त न्याय पंचायतों में आज वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई कार्य करने के साथ ही ग्रामीणों को स्वच्छता, व्यक्तिगत स्वास्थ्य तथा हाइजीन के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों, पैदल मार्गों, संपर्क रास्तों तथा गांवों के आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य किए गए। ग्रामीणों को नियमित रूप से हाथ धोने, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, घर एवं आसपास के परिसर को साफ रखने तथा कूड़े-कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें बताया गया कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने में सामुदायिक सहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
ग्रामीणों से अपील की गई कि वे स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। घरों, आंगनों, सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने से अनेक संक्रामक बीमारियों की रोकथाम संभव है। अभियान के माध्यम से लोगों को अपने गांव को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इसी क्रम में ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से पोषण अभियान तथा मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। महिलाओं एवं ग्रामीणों को संतुलित पोषण, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की देखभाल, बच्चों के स्वास्थ्य तथा विभागीय योजनाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रमों के दौरान माताओं को बच्चों के प्रारंभिक पोषण, समय पर टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भी ग्रामीण परिवारों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पोषण संबंधी व्यवहारों को बढ़ावा देने में सहयोग किया।
वहीं ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तरीय आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वयं सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं आम जनमानस के साथ जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान विभागीय योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से सरल एवं रोचक ढंग से दी गई।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की योजनाओं से संबंधित जिज्ञासाओं और समस्याओं को भी सुना गया तथा उन्हें संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढ़ाते हुए ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।
