‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को मिली नई उड़ान, संगम पुस्तकालय को मिलीं 2500 से अधिक पुस्तकें

Listen to this article

पुलिस दर्पण ब्यूरो, रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग, 16 सितंबर 2026। जनपद रुद्रप्रयाग में विद्यार्थियों के बीच अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं” अभियान लगातार जनसमर्थन हासिल कर रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक हजारों पुस्तकें संगम पुस्तकालय तक पहुंच चुकी हैं। मंगलवार को अभियान के तहत संगम पुस्तकालय को 2500 से अधिक पुस्तकें भेंट की गईं, जिससे पुस्तकालय का पुस्तक संग्रह और अधिक समृद्ध हो गया।

इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं संगम पुस्तकालय पहुंचे और विद्यार्थियों के लिए पुस्तकें भेंट कीं। पुस्तकालय में बड़ी संख्या में नई पुस्तकों के शामिल होने से अब छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, सामान्य ज्ञान, साहित्य, विज्ञान, इतिहास, भूगोल और अन्य विषयों की उपयोगी अध्ययन सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी।

अभियान को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी विशेष सहयोग मिला है। मुख्यमंत्री ने इस पहल से जुड़ते हुए जिला प्रशासन को 150 पुस्तकें उपलब्ध कराई हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा द्वारा शुरू किए गए इस अभिनव अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन, अध्ययन संस्कृति को मजबूत करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी।

विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि यह अभियान शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने कहा कि पुस्तकें विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य संवारने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को यदि एक ही स्थान पर अच्छी अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो जाए तो उनकी तैयारी और आत्मविश्वास दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका इस अभियान से जुड़ना पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा का विषय है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पुस्तकें एकत्र करना नहीं, बल्कि उन्हें जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों—बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों—ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई है। प्रत्येक दान की गई पुस्तक किसी न किसी विद्यार्थी के लिए ज्ञान, प्रेरणा और सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगी।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पुस्तकालयों को आधुनिक और समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी शहरों जैसी अध्ययन सुविधाएं मिल सकें। संगम पुस्तकालय को भविष्य में भी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी नई पुस्तकों और संदर्भ सामग्री से समृद्ध किया जाएगा।

संगम पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले छात्र-छात्राओं ने भी इस पहल पर खुशी जताई। विद्यार्थियों ने कहा कि नई पुस्तकों के मिलने से उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में काफी सुविधा होगी और अलग-अलग विषयों की पुस्तकें खरीदने का आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला कदम है।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सोनी, उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, जिला पंचायत सदस्य जयबलभ कांडपाल, संगम पुस्तकालय की संचालिका सगुन राणा, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *