रुद्रप्रयाग में गोट वैली योजना के लाभार्थियों के लिए छह दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण शुरू

Listen to this article

पुलिस दर्पण ब्यूरो, रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग, 16 सितंबर 2026। जनपद रुद्रप्रयाग में गोट वैली योजना के लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने और बकरी पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI-RSETI) में छह दिवसीय उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 सितंबर से 21 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह, SBI RACC के मुख्य प्रबंधक वीरेंद्र भाकुनी तथा संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने किया। कार्यक्रम में गोट वैली योजना से जुड़े लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

उद्घाटन अवसर पर लीड बैंक अधिकारी अनूप सिंह ने कहा कि यदि बकरी पालन को पारंपरिक आजीविका के बजाय आधुनिक और व्यवसायिक दृष्टिकोण से अपनाया जाए तो यह ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बन सकता है। उन्होंने लाभार्थियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग कर आय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

संस्थान के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य लाभार्थियों को बकरी पालन से जुड़े तकनीकी, वित्तीय और व्यावसायिक पहलुओं की जानकारी देकर उन्हें सफल उद्यमी बनाना है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार करेगा।

प्रशिक्षण समन्वयक वीरेंद्र बर्तवाल ने बताया कि छह दिनों तक प्रतिभागियों को व्यवसाय योजना तैयार करना, लागत एवं आय का आकलन, वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग, ऋण प्रक्रिया, विपणन रणनीति और बाजार प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही विशेषज्ञों द्वारा बकरी पालन की आधुनिक तकनीकों और बेहतर उत्पादन संबंधी जानकारी भी साझा की जाएगी।

कार्यक्रम में संदीप पाण्डे, संगीता देवी सहित संस्थान के अन्य संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के माध्यम से लाभार्थियों को स्वरोजगार के क्षेत्र में सशक्त बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *