पुलिस दर्पण ब्यूरो, रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग, 16 सितंबर 2026। जनपद रुद्रप्रयाग में केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक जनपद की विभिन्न न्याय पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में पंजीकृत सांस्कृतिक दल नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करेंगे।
जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा ने बताया कि सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में जनपद के कुल छह सांस्कृतिक दल पंजीकृत हैं। ये सभी दल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक, लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। अभियान का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को उनका लाभ दिलाना है।
उन्होंने बताया कि उत्सव ग्रुप उत्तराखंड द्वारा गुप्तकाशी, नाला, नारायणकोटी, शेरसी, बडासू, फाटा, जामू, सीतापुर, सोनप्रयाग, गौरीकुंड, त्रियुगीनारायण, तोषी और ब्यूंगगाड़ में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं एक्सेल डेवलपमेंट एंड एजुकेशन दल महरगांव, पुजारगांव, बधाणी, थापला, मरगांव, सकलाना, तुनेटा, मयाली और नंदवाणगांव में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेगा।
इसी प्रकार देवभूमि उत्तराखंड सांस्कृतिक कला मंच किणजाणी, जबडीसेम, जावड़ी, मोली, भीरी, परकंडी, गिंवाला और पिल्लू में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेगा। जय मां हरियाली सांस्कृतिक कला मंच गडोरा, पोखरी, कांडा, भुनका, तिलणी और सुमेरपुर में प्रस्तुतियां देगा। जबकि मद्महेश्वर घाटी लोक संस्कृति कलामंच जालतल्ला, कुणजेठी, भैंसारी, कालीमठ, मनसूना और दिलमी में तथा बच्छणस्यूं मंडाण ग्रुप बरसूड़ी, कांडई, पिपली, छतोड़ा, रामपुर, बाड़व और रामपुर गांव में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करेगा।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता को स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, स्वरोजगार, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छता, डिजिटल सेवाओं और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल और स्थानीय भाषा में दी जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी आसानी से समझने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है। जिला प्रशासन ने सभी ग्रामीणों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रमों में अधिक संख्या में शामिल होकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं।
