सेवा संकल्प अभियान के तहत रुद्रप्रयाग में भव्य रूप से मनाया गया ‘आशीर्वाद का दीया’

Listen to this article

जिला मुख्यालय से गांवों तक दीप प्रज्ज्वलन कर लिया स्वच्छ एवं सुंदर रुद्रप्रयाग का संकल्प

रुद्रप्रयाग, 17 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जनपद रुद्रप्रयाग में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। जिला मुख्यालय से लेकर तहसीलों, नगर निकायों, न्याय पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आमजन, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाया।

कार्यक्रम के अंतर्गत रुद्रप्रयाग संगम, मुख्य बाजार, पेट्रोल पंप, सरकारी संस्थानों एवं कार्यालयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाए गए। आमजन ने अपने घरों, दुकानों, आंगनों, मंदिरों और अन्य प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान में सहभागिता की। अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों तथा सामुदायिक स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित हुए।

18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

कार्यक्रमों के दौरान नागरिकों ने सेवा, स्वच्छता, विकास और जनकल्याण से जुड़े संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर रुद्रप्रयाग के निर्माण में सहयोग का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि रुद्रप्रयाग सहित पूरे उत्तराखंड में 15 सितम्बर से 18 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, निर्णयों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। इसके साथ ही नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ते हुए विभिन्न जनोपयोगी एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

केदारनाथ में स्वच्छता शपथ और विशेष सफाई अभियान

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत केदारनाथ ने मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वच्छता शपथ दिलाई। नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ एवं सुंदर केदारनाथ का संकल्प लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इसके उपरांत नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। कर्मचारियों ने साफ-सफाई कर स्थानीय लोगों एवं यात्रियों को सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने जलाए दीप

प्रधानमंत्री के जन्मदिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह, विकासखंड जखोली की महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र जाखनी में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया। महिलाओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा एवं जनकल्याण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में नगर पंचायत तिलवाड़ा कार्यालय में अध्यक्ष एवं सभासदों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान के उद्देश्यों को आमजन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

जनप्रतिनिधियों और निकायों ने भी लिया संकल्प

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों, न्याय पंचायतों और स्थानीय नागरिकों ने भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रमों में भाग लिया। कई स्थानों पर सार्वजनिक स्थलों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाए गए तथा लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जनकल्याणकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी करने और विकासपरक पहलों से जुड़ने का आह्वान किया गया। जनपदभर में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *