हर की पौड़ी पर ‘आशीर्वाद का दिया’ एवं सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ

Listen to this article

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा से राष्ट्र कल्याण और प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की

हरिद्वार, 17 सितम्बर 2026। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को तीर्थ नगरी हरिद्वार के ब्रह्मकुंड हर की पौड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ब्रह्मकुंड, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न प्रमुख गंगा घाटों पर हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से मां गंगा से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

17 सितम्बर से 18 अक्टूबर तक होंगे सेवा कार्यक्रम

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दिया’ से आरंभ हुआ सेवा संकल्प अभियान 18 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विविध कार्यक्रम जनपदभर में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे किए हैं। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्तमान में प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर आमजन की सेवा के लिए यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने भगवान बद्रीनाथ एवं केदारनाथ से प्रधानमंत्री के यशस्वी भविष्य और देश सेवा के लिए शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सतपाल महाराज ने कहा कि हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को जनभागीदारी से अधिक सशक्त बनाया जाएगा। यह अभियान समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

विकासखंडों और ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगा अभियान

मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा संकल्प कार्यक्रमों का आयोजन शुरू किया गया है। अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण भागीदारी करेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान जनपदभर में जनजागरूकता तथा सेवा से जुड़े कार्यक्रम संचालित होंगे। 17 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में “मेरा सपनों का भारत” विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विकसित भारत-2047 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

नुक्कड़ नाटक, कलश यात्रा और सेवा गतिविधियां

अभियान के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास की जानकारी दी जाएगी।

“सेवा की कहानी” कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियां, भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो प्रस्तुत किए जाएंगे। इसका उद्देश्य योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को आमजन तक पहुंचाना है।

सेवा ज्योति कलश यात्रा भी निकाली जाएगी। विकसित भारत-2047 के संकल्प के प्रतीक कलश प्रमुख स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे। वहीं “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान तथा अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। श्रीगंगा सभा, शांतिकुंज, आदर्श युवा समिति, दिव्य प्रेम सेवा मिशन और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *